मंत्री सुबोध उनियाल ने मुनिकीरेती-ढालवाला में सार्वजनिक पुस्तकालय एवं सामुदायिक भवन का किया शिलान्यास

मुनिकीरेती/ढालवाला। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री सुबोध उनियाल ने नगर पालिका परिषद, मुनिकीरेती-ढालवाला के अंतर्गत वार्ड संख्या 09 में सार्वजनिक पुस्तकालय तथा वार्ड संख्या 04 में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नगर क्षेत्रों में आधुनिक एवं जनोपयोगी आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पुस्तकालय युवाओं, विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए ज्ञान और अध्ययन का एक सशक्त केंद्र बनेगा, जबकि सामुदायिक भवन स्थानीय नागरिकों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल आधारभूत संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन को बेहतर बनाना और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। प्रदेश सरकार विकास की प्रत्येक योजना को जनहित एवं जनआकांक्षाओं के अनुरूप धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री उनियाल ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को इन परियोजनाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण, सभासदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *