पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन पर छह प्रतिष्ठान सील, राजपुर रोड पर प्रशासन का शिकंजा, छह प्रतिष्ठानों पर जड़ा ताला

-बिजली कनेक्शन काटने के बाद छह प्रतिष्ठानों को किया सील
-पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, बार-रेस्टोरेंट समेत छह प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

देहरादून। पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजपुर रोड क्षेत्र में छह प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। एक दिन पहले इन प्रतिष्ठानों के विद्युत कनेक्शन काटे गए थे। इसके बाद बुधवार को प्रशासन ने सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। शासन और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान के निर्देशों के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई में बार, भोजनालय, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया।
सील किए गए प्रतिष्ठानों में मोजो रेस्टो बार एवं पार्टी लाउंज, लाइफस्टाइल (प्लेबॉय), लेवल वन रेस्टो, केएफसी (सेफ्योर फूड इंडिया), यूनिट-4, अपर भूतल, वर्ल्ड ट्रेड टावर तथा एएस-4 इंटीग्रेटेड फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। ये सभी प्रतिष्ठान राजपुर रोड क्षेत्र में स्थित हैं। प्रशासन के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों को पूर्व में पर्यावरणीय मानकों और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पहले उनके विद्युत कनेक्शन काटे गए और अब प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। जनहित और पर्यावरण संरक्षण के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संयुक्त कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी नरेश गोस्वामी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक अधिकारी, तहसीलदार सदर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *