आकाशवाणी देहरादून में 26 नवंबर को होगा ‘AIR Rising Stars Season-1’ युवा संगीत सम्मेलन

देहरादून। आकाशवाणी देहरादून द्वारा युवा एवं उभरती संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 26 नवंबर को ‘AIR Rising Stars Season-1’ युवा संगीत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे संस्कृति विभाग ऑडिटोरियम, देहरादून में आयोजित होगा।

आकाशवाणी की 90वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुरू की गई यह विशेष पहल देशभर के 26 आकाशवाणी केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य 30 वर्ष से कम आयु के युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करना, भारतीय शास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक हेमंत बी. आड़े होंगे। इस अवसर पर आकाशवाणी एवं दूरदर्शन देहरादून के क्लस्टर प्रमुख सुरेश कुमार मीना, कार्यक्रम प्रमुख अनिल भारती भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में युवा कलाकारों द्वारा विभिन्न संगीत विधाओं की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आकाशवाणी की यह पहल युवा कलाकारों को पहचान और प्रोत्साहन देने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक एवं संगीत विरासत के संरक्षण तथा उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *