देहरादून, आजखबर। उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में पार्टी ने संजय क्षेत्री को आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी है।
महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद संजय क्षेत्री ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य महानगर क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों से जोड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाना होगा। आम आदमी पार्टी महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार, पलायन, महिला सुरक्षा और युवाओं के रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी आवाज मजबूती से उठाएगी। संजय क्षेत्री ने कहा कि महानगर के प्रत्येक वार्ड, बूथ और मोहल्ले तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देते हुए नए एवं युवा साथियों को संगठन से जोड़ा जाएगा। पार्टी का प्रयास रहेगा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों और जनहित के कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता लंबे समय से बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। प्रदेश में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण युवाओं का पलायन लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। ऐसे में आम आदमी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए एक बेहतर राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी। पार्टी पदाधिकारियों ने संजय क्षेत्री को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महानगर संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ताओं की प्रभावी टीम तैयार की जाएगी।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को लगातार तेज किया जा रहा है। महानगर स्तर पर कार्यकर्ता संवाद, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलनात्मक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।