देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने बुधवार को ऊधमसिंहनगर जिले की सितारगंज तहसील से संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता द्वारा सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत की गयी थी कि तहसील सितारगंज में नियुक्त संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा एवं वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा शिकायतकर्ता से भूमि के कुर्क करने के आदेश को समाप्त करने और जमीन को बन्धन मुक्त करने और पत्नी के के०सी०सी० लोन पर जारी आर०सी० की कार्यवाही को समाप्त करने के एवज में संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा द्वारा शिकायतकर्ता से 10,000 रूपये एवं वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा 6,000-रूपये की मांग की जा रही है।
उक्त शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी द्वारा निरीक्षक के नेतृत्व में तत्काल ट्रैप टीम का गठन किया गया। सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम द्वारा अभियुक्तगण संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा पुत्र किशोरी लाल शर्मा निवासी बोरिंगवाली गली सितारगंज को शिकायतकर्ता से 8,000 रूपये एवं वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा पुत्र प्रताप सिंह राणा निवासी आमखेड़ा पट्टी बलखेड़ा नानकमत्ता जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से 6,000-रूपये लेते अभियुक्तगणों के तहसील सितारगंज जनपद ऊधमसिंहनगर स्थित कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही प्रचलित है। निदेशक सतर्कता डॉ० वी०मुरूगेशन महोदय द्वारा अपील की गयी है कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नम्बर-1064 एवं व्हाट्सएप हैल्प लाइन नम्बर 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।