शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग एवं अनियमितताओं की शिकायतों पर डीएम का एक्शन

-डीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन की देर रात शराब की दुकानों पर स्ट्राइक, अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने दर्जनों दुकानों पर की छापेमारी

-छापेमारी में ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होना, अनाधिकृत सेल्समैन; रेट लिस्ट चस्पा न होने सहित कई अनियमितताएं मिलीं

देहरादून। शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बिक्री (ओवररेटिंग) तथा दुकानों में अन्य अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन की टीमों को देर रात व्यापक छापेमारी के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों द्वारा शराब की दुकानों पर एक साथ सघन चेकिंग एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद एवं हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह तथा उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। सभी टीमों के साथ संबंधित क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक भी उपस्थित रहे।

सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी एवं उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में माजरा, पटेलनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों की जांच की गई। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत की पुष्टि हुई। जांच के दौरान दुकान पर रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान नहीं हो पाया। इसके अतिरिक्त दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन पाए गए तथा निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं मिली। टीम द्वारा दुकान के स्टॉक एवं बिक्री से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई।

उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में प्रेमनगर क्षेत्र एवं आसपास स्थित शराब की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रेमनगर स्थित शराब की दुकान का स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं पाया गया। साथ ही दुकान पर अनाधिकृत सेल्समैन पाए गए। टीम द्वारा स्टॉक एवं संबंधित अभिलेखों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई हेतु रिपोर्ट तैयार की गई।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद एवं हर्षिता सिंह के नेतृत्व में जाखन एवं राजपुर रोड क्षेत्र की शराब की दुकानों पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं पाया गया। दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी, अनाधिकृत सेल्समेन तथा आबकारी विभाग का शिकायती नंबर भी प्रदर्शित नहीं पाया गया। जांच के दौरान ओवररेटिंग के मामले भी सामने आए। टीम को विक्रेताओं द्वारा भी ओवररेटिंग संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन की टीमों द्वारा दुकानों में स्टॉक, बिक्री अभिलेख, बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता तथा शिकायत नंबर के प्रदर्शन सहित विभिन्न बिंदुओं की जांच की गई।

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने कहा कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा बिक्री तथा अभिलेखों में अनियमितता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए इस देर रात के विशेष अभियान से शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। जिला प्रशासन में साफ किया कि ओवररेटिंग एवं अन्य अनियमितताओं के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर आगे भी आकस्मिक एवं सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *