उत्तराखण्ड

चकराता में हुआ सीजन का तीसरा हिमपात, पड़ रही कड़ाके की सर्दी

देहरादून। उत्तराखंड में चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को सीजन का तीसरा हिमपात हुआ। करीब आधे घंटे तक हुई बर्फबारी के बाद मौसम पूरी तरह से बदल गया है। पहाड़ एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गए। वहीं सतह पर करीब तीन इंच बर्फ जमी है। स्थानीय लोगों ने जमकर बर्फबारी का लुत्फ उठाया। वहीं, बर्फबारी के बाद चकराता का न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

चकराता में बीते दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए थे। सोमवार रात को तेज बारिश हुई थी। वहीं मंगलवार को भी दिनभर हल्की बूंदाबांदी होती रही। बुधवार सुबह भी आसमान में बादल छाए हुए थे। लेकिन दोपहर करीब ढाई बजे अचानक ठंड बढ़ने लगी। न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया और करीब साढ़े तीन बजे अचानक से बर्फबारी शुरू हो गई। लोखंडी, जाड़ी, कुनैन, अमराड़, झबराड़, मुंडोई, कचाणू, खड़बा, देवबन, मोईला, कनासर आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक बर्फबारी होती रही।

बर्फबारी से सड़कों, घरों और पेड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बर्फबारी से स्थानीय बागवानों, किसानों, पर्यटन व्यावसायियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। स्थानीय ग्रामीणों ने बर्फबारी के बीच जमकर मस्ती की। वहीं, आज मौसम विभाग ने देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, चम्पावत, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार जिले में मौसम खराब होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button