उत्तराखण्ड

देहरादून में वीकेंड पर सड़कें हुई जाम, लगा वाहनों का रेला

देहरादून। शनिवार को शाम करीब चार बजे एनएचएआई की टीम ने हाईवे किनारे एक धार्मिक स्थल का अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। आईएसबीटी फ्लाईओवर की सर्विस लेन बंद कर दी गई। इससे यातायात का दबाव हरिद्वार बाईपास पर बढ़ गया। त्योहारी सीजन के चलते भी शहर में भारी भीड़ देखने को मिली।

रिस्पना की ओर से सर्विस लेन होकर जाने वाले वाहनों को कारगी से निकाला गया। इससे कारगी मार्ग पर भी जाम लग गया। मंडी के आसपास भी दोनों लेन में वाहनों की कतार लग गई। इससे 10 मिनट के सफर को तय करने में 40 मिनट तक का समय लगा।

अतिक्रमण हटाने के चलते लगा जाम

राजधानी में शनिवार शाम के समय जाम के कारण जनता परेशान रही। शहर के कई इलाकों में सड़कें वाहनों से चोक हो गई। पांच मिनट के सफर में आधे घंटे से लेकर 40 मिनट तक समय लगा। इसका कारण शनिवार से शुरू हुआ लंबा वीकेंड भी रहा। एनसीआर क्षेत्र के लोगों ने मसूरी का रुख किया तो अचानक वाहनों की कतार लग गई। एनएच की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के चलते सड़क बंद करनी पड़ी। इससे शहर के दक्षिणी छोर पटेलनगर क्षेत्र कई की सड़कें भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। जाम खुलवाने में पुलिस के भी खूब पसीने छूटे। आखिरकार रात करीब नौ बजे इन हिस्सों में लोगों को जाम से निजात मिली।

रिस्पना से धर्मपुर तक लगा जाम

शाम करीब पांच बजे रिस्पना से धर्मपुर मार्ग पर शाम के वक्त वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। शनिवार शाम को यह दबाव और अधिक हो गया। हरिद्वार बाईपास पर जाम लगने के कारण अधिकतर वाहन शहर की ओर जाने लगे। इससे नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में भी सड़कें वाहनों से पैक हो गईं। यहां पर पांच मिनट के सफर में करीब 30 मिनट का समय लगा।

राजपुर रोड व घंटाघर पर वाहनों की कतार

शाम करीब छह बजे शनिवार से मंगलवार तक दशहरा पर्व की छुट्टी हैं। ऐसे में एनसीआर क्षेत्र के लोग हर बार की तरह इस वीकेंड का लुत्फ उठाने के लिए मसूरी की राह पकड़ रहे हैं। पटेलनगर, सहारनपुर रोड, प्रिंस चौक पर लंबा जाम लगा था। इधर, त्योहारी सीजन में बाजारों में भी खासी भीड़ है। इससे शाम के वक्त राजपुर रोड और घंटाघर के क्षेत्र में भी जाम लग गया। कई ट्रैफिक सिग्नल को ब्लिंकिंग मोड पर चलाकर यातायात संचालित किया गया। पुलिस कप्तान के आदेश पर थाना पुलिस ने भी सड़कों पर ड्यूटी की। इससे रात तक ही वाहनों की यह भीड़ छंट सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button