जेसीपी अध्यक्ष भावना पांडे ने भाजपा और कांग्रेस पर एक बार फिर साधा निशाना
देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी, प्रसिद्ध जनसेवी एवँ जनता कैबिनेट पार्टी (जेसीपी) की केंद्रीय अध्यक्ष भावना पांडे ने भाजपा और कांग्रेस जैसे राजनीतिक दलों पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इसबार लोकसभा चुनाव में नेताओं की ठगी का ठेका खत्म होगा।
वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने कहा- भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने उत्तराखंड की सूरत बिगाड़ने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। आज प्रदेश में धड़ल्ले से भर्ती घोटाले हो रहे हैं। सरकारी नौकरियां बेची जा रही हैं, वहीं बाहरी राज्यों से आये अधिकारी महत्वपूर्ण पदों पर काबिज हैं।
देवभूमि की बेटी भावना पांडे ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने बीते 22 वर्षों में उत्तराखंड की महिलाओं के हित में कोई कार्य नहीं किया। इन सियासी दलों ने राज्य की महिलाओं को कभी समानता का अधिकार नहीं दिया। प्रदेश में मातृशक्ति आज खुद को उपेक्षित व असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
जेसीपी मुखिया भावना पांडे ने कहा कि वे उत्तराखंड के युवाओं और महिलाओं की आवाज़ बनकर आगामी लोकसभा चुनाव में हरिद्वार सीट से खड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बार वे दिग्गजों को पटखनी देने चुनावी अखाड़े में कदम रख रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि हरिद्वार क्षेत्र की जागरूक जनता का पूर्ण समर्थन और आशीर्वाद उन्हें प्राप्त होगा। उन्होंने ने क्षेत्र में बड़े बदलाव के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।