उत्तराखण्ड

जेसीपी अध्यक्ष भावना पांडे ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां की तेज

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आन्दोलनकारी, प्रसिद्ध जनसेवी एवं जनता कैबिनेट पार्टी (जेसीपी) की केन्द्रीय अध्यक्ष भावना पांडे ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अपने चुनावी अभियान के तहत पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने भाजपा और कांग्रेस जैसे राजनीतिक दलों के नेताओं पर जमकर निशाना साधा।

वरिष्ठ राज्य आन्दोलनकारी भावना पांडे ने कहा कि वे बीते कईं वर्षों से जनसेवा के कार्य करती आ रहीं हैं। उन्होंने पृथक राज्य के निर्माण हेतु किये गये आन्दोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई व लंबी लड़ाई लड़ी। इसके अलावा उन्होंने कई बेरोजगार संगठनों के आन्दोलनों को लंबे समय तक अपना समर्थन दिया एवं अपने खर्च पर बेरोजगार युवाओं के रहने, खाने एवं धरने आदि की व्यवस्था की।

उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने कहा कि आज प्रदेश की हालत बद्तर हो चुकी है, इसके लिए भाजपा और कांग्रेस जैसे राजनीतिक दल पूरी तरह जिम्मेदार हैं। इन दलों ने बारी-बारी प्रदेश की मासूम जनता को ठगा है और प्रदेशवासियों को मूर्ख बनाने का ये सिलसिला आज भी जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बुरे हालात और राज्य के युवाओं व महिलाओं की दुर्दशा को देखकर ही उन्होंने राजनीति के मैदान में उतरने का मन बनाया और जनता कैबिनेट पार्टी (जेसीपी) का गठन किया।

अपनी चुनावी तैयारियों का जिक्र करते हुए जेसीपी अध्यक्ष भावना पांडे ने कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में हरिद्वार सीट से चुनाव मैदान में खड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वे दिग्गजों को पटखनी देने चुनावी अखाड़े में उतरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ ही हरिद्वार क्षेत्र का भी बुरा हाल है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने देवताओं की भूमि की सूरत बिगाड़ने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। आज यहां अपराध चरम पर हैं, खुलेआम नशे की तस्करी की जा रही है। वहीं धर्मनगरी में जगह-जगह गंदगी का अंबार है और अव्यवस्थाएं नजर आती हैं। कुंभ में करोड़ों रूपये का बजट ठिकाने लगाने वाली सरकारों ने हरिद्वार के विकास के लिए कुछ नहीं किया। क्षेत्र के किसान एवं क्षेत्रवासी आज बुरी तरह से त्रस्त है किन्तु क्षेत्रीय सांसद और सरकार को कोई परवाह नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की हालत बेहद दयनीय हो चुकी है। प्रदेश के युवा और महिलाएं छली जा रही हैं। सरकार की नाक के नीचे धड़ल्ले से भर्ती घोटाले हो रहे हैं। बढ़ते अपराधों की वजह से बहन-बेटियां आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रदेश में ऐसे तमाम मुद्दे हैं जिन्हें देखकर बेहद दुख होता है। इसलिए उन्होंने स्वयं राजनीति में उतरकर चुनाव लड़ने का मन बनाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के सब्र का बांध अब टूट चुका है, जनता इन नेताओं का सितम अब और बर्दाश्त नहीं करेगी। यही जनता आगामी नगर निकाय चुनाव एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को सबक सिखायेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button