उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, इन जगहों पर हुई बर्फबारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेशभर में दिनभर बादलों के डेरे के बीच चोटियों पर हल्का हिमपात और निचले क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। मसूरी में वर्षा के साथ सीजन का पहला हिमपात हुआ। लालटिब्बा और लंढौर में देर शाम बर्फ की फाहें गिरने से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। चमोली में स्थित औली में गुरुवार देर रात हिमपात हुआ हैं। जिससे नए साल का जश्न मनाने यंहा पहुंचे पर्यटकों के साथ साथ पर्यटन से जुड़े स्थानीय कारोबरियों के भी चहरे खिल गए हैं।

बृहस्पतिवार को पहाड़ में दिनभर मौसम खराब रहा और केदारनाथ में एक घंटे तक हल्की बर्फबारी हुई। धनोल्टी में बर्फ की फुहारें गिरीं जबकि टिहरी और रुद्रप्रयाग में बूंदाबांदी हुई। बारिश और बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर का सहारा लिया।

मसूरी में बारिश से बढ़ी ठंड

शहर में गुरुवार दोपहर बाद बारिश हुई। इससे शहर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। लोग दिन में भी अलावा सेंकते नजर आए। बारिश होने से बढ़ी ठंड में पर्यटकों ने गर्म कपड़ों की खूब खरीदारी की। शहर को पिक्चर पैलेस, गांधी चौक, मालरोड, लंढौर सहित कई क्षेत्रों में लोग आग जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते नजर आए। होटलियर अरविंद सेमवाल ने कहा कि बारिश के बाद सैलानियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

यमुनोत्री में झरने जमे

यमुनोत्री धाम सहित आसपास के इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। आलम ये है कि कड़ाके की सर्दी के कारण नदी, नालों और झरने का पानी भी जमने लगा है। जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जगह-जगह गिरने वाले झरने भी जमने लगे हैं। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम तक जगह-जगह पानी जम गया है। पैदल मार्ग पर आवाजाही भी जोखिमभरी हो रही है।

केदारनाथ में बर्फबारी
सुबह से केदारनाथ में हल्के बादल छाए रहे और दोपहर बाद मौसम खराब हो गया। शाम पांच बजे से छह बजे तक केदारनाथ में बर्फबारी हुई। धाम में अधिकतम तापमान 4 डिग्री और न्यूनतम माइनस 7 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, रुद्रप्रयाग सहित निचले इलाकों में अपराह्न बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। उधर, पर्यटक स्थल चोपता में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

धनोल्टी में गिरी बर्फ की फुहारें
नई टिहरी में भी सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर बाद बूंदाबांदी होने से पारा लुढ़क गया। पर्यटन नगरी धनोल्टी में तो बर्फ की फुहारें भी गिरीं। ऐसे में यहां पहुंचे सैलानियों के चेहरे खिल उठे। सैलानियों को उम्मीद है कि नए साल पर धनोल्टी में निश्चित ही बर्फबारी का लुत्फ उठा सकेंगे। मौसम का पारा लुढ़कने से जिला मुख्यालय सहित धनोल्टी, चंबा, रानीचौरी, गजा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई।

बारिश की संभावना को देखते हुए किसान भी राहत में हैं। लंबे समय बाद बारिश होती है तो गेहूं, जौ, मटर आदि फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी। वहीं चमोली जिले में भी दिनभर मौसम खराब रहा। कर्णप्रयाग, लंगासू, नौटी, नंदासैंण, आदिबदरी, गैरसैंण, थराली, देवाल, नारायणबगड़ सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। पौड़ी और श्रीनगर में बूंदाबांदी हुई। ठंड बढ़ने से अन्य दिनों के मुकाबले बाजार में चहल पहल कम रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button